मध्यप्रदेश के रीवा से आज एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की शुरुआत हुई, जब ब्रह्माकुमारीज संस्था के स्थापना नवदशकोत्सव के उपलक्ष्य में संचालित ‘पारिवारिक सद्भावना जागृति अभियान’ के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम डॉ. मोहन यादव ने अभियान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए इसकी सराहना की।
यह अभियान परिवारों में बढ़ती दूरियों, संवादहीनता और मूल्यों के क्षरण को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। ‘पारिवारिक सद्भावना जागृति अभियान’ का मुख्य उद्देश्य समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना, आपसी संवाद को बढ़ावा देना और समन्वय की भावना विकसित करना है।
मुख्यमंत्री सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि एक मजबूत समाज की नींव मजबूत परिवारों पर ही टिकी होती है। जब परिवारों में प्रेम, विश्वास और संवाद कायम रहता है, तभी राष्ट्र भी सशक्त बनता है। उन्होंने इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आज के बदलते समय में पारिवारिक मूल्यों को संजोकर रखना बेहद जरूरी है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियों और रिश्तों की अहमियत को समझने का अवसर मिलेगा।
ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान विभिन्न शहरों और गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करेगा। इसके माध्यम से परिवारों में संवाद, संस्कार और सामंजस्य को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह पहल न केवल पारिवारिक स्तर पर बदलाव लाने का प्रयास है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज और राष्ट्र के समग्र विकास को नई दिशा देना भी है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
