उज्जैन से करीब 55 किलोमीटर दूर नागदा में स्थित मारुति सुजुकी शोरूम में तिलक लगाने की बात को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और विश्व हिंदू परिषद (VHP) तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
मैकेनिक ने लगाया गंभीर आरोप
शोरूम में मैकेनिक के रूप में कार्यरत ऋतिक ने अपने सहकर्मी मुबारिक उर्फ लाला, निवासी खाचरौद, पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, मुबारिक पिछले करीब तीन महीनों से ऋतिक को तिलक लगाने की बात को लेकर परेशान कर रहा था और इस पर आपत्ति जताता था।
घटना सोमवार दोपहर लगभग 12:30 बजे की है, जब शोरूम में काम के दौरान पानी की मोटर चालू करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मुबारिक ने ऋतिक को अपशब्द कहे और माथे पर लगे तिलक को हटाने के लिए कहा।
जब ऋतिक ने इसे अपनी धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय बताया, तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और बेल्ट से मारने तथा जान से खत्म करने की धमकी दी।
हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलने पर ऋतिक ने हिंदूवादी संगठनों को सूचित किया। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी मुबारिक उर्फ लाला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299, 296(ए) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
