छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम भैंसामुड़ा में सुशासन तिहार के दौरान एक बेहद भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल छू लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मानवीय और स्नेहिल रूप सामने आया।

कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री की नजर 4 वर्षीय नन्हीं बच्ची मानविका चौहान पर पड़ी। बिना किसी औपचारिकता के वे सीधे उसके पास पहुंचे और उसे प्यार से अपनी गोद में उठा लिया। इस सहज और आत्मीय व्यवहार ने पूरे माहौल को अपनत्व से भर दिया।

मुख्यमंत्री ने बच्ची से मुस्कुराते हुए उसके सपनों के बारे में पूछा। मासूम मानविका ने तुतलाते हुए कहा— “मुझे डॉक्टर बनना है।” यह सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और उसे आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान एक खास पल तब आया जब मुख्यमंत्री ने अपना चश्मा उतारकर बच्ची को पहनाया और उसे दुलारते हुए उसका हौसला बढ़ाया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक और यादगार बन गया।

मानविका की मां, श्रीमती दीपांजलि चौहान ने बताया कि उनकी बेटी मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित थी और यह मुलाकात उनके परिवार के लिए एक खास याद बन गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए आभार भी व्यक्त किया।

यह पूरा प्रसंग एक बार फिर यह साबित करता है कि सच्चा नेतृत्व केवल नीतियों और योजनाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह लोगों के साथ जुड़कर, उनकी भावनाओं को समझकर और छोटे-छोटे पलों में अपनत्व दिखाकर ही मजबूत बनता है

PUBLICFIRSTNEWS.ONLINE

Share.

Comments are closed.