राजनांदगांव। जिले के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का संचालन पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला पुलिस, RPF, GRP और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने स्टेशन एवं प्लेटफार्म परिसर की सघन सुरक्षा जांच की। साथ ही विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का वास्तविक अभ्यास भी किया गया।

अभ्यास के तहत मुंबई से भुवनेश्वर जा रही लोकमान्य तिलक स्पेशल और बिलासपुर से दिल्ली जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की सुरक्षा चेकिंग की गई। इस दौरान भीड़ के कारण भगदड़, यात्रियों के अचानक बेहोश होने और संदिग्ध लावारिस बैग मिलने जैसी परिस्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य तैयार किया गया, जिस पर संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई का सफल प्रदर्शन किया।
संयुक्त टीम ने मौके पर भीड़ नियंत्रण करते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। साथ ही आपातकालीन निकासी मार्ग, फुट ओवर ब्रिज (FOB) और अन्य संसाधनों का उपयोग कर व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा घेराबंदी, संदिग्ध वस्तुओं की जांच, भीड़ प्रबंधन और बचाव कार्यों में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।

अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और यात्रियों की सुरक्षित तरीके से जांच एवं निकासी की गई।
मौके पर रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र कुमार, थाना प्रभारी बसंतपुर एमन साहू, थाना प्रभारी लालबाग रमेश पटेल, चौकी प्रभारी तुमड़ीबोड़ दिलीप पटेल, RPF प्रभारी तरुणा साहू, GRP जनक लाल तिवारी, BDDS टीम, डॉग स्क्वायड तथा रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

राजनांदगांव पुलिस के अनुसार इस प्रकार की संयुक्त मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा किसी भी स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









