नगर निगम और कुटुंब ह्यूमानिटी वेलफेयर फाउंडेशन की संयुक्त पहल, जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जगदलपुर के ऐतिहासिक गंगा मुंडा तालाब में कुटुंब ह्यूमानिटी वेलफेयर फाउंडेशन और नगर निगम जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर तालाब की सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान गंगा मुंडा तालाब में फैली जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर जलाशय को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी था।

इस अवसर पर जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कुटुंब ह्यूमानिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था का सहयोग करने की अपील की।

कुटुंब ह्यूमानिटी वेलफेयर फाउंडेशन की महिला कल्याण अधिकारी डॉ. प्रतिभा पाणिग्रही ने कहा कि जलाशयों को स्वच्छ बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पूजा-अर्चना की सामग्री और अन्य अपशिष्ट जलाशयों में विसर्जित किए जाने से जल स्रोत प्रदूषित होते हैं, जिससे पर्यावरण और ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंचता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में जागरूक और जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है।

फाउंडेशन की स्वयंसेवक श्रुची देवांगन ने बताया कि संस्था द्वारा “वन डे, वन वार्ड” अभियान के तहत प्रतिदिन शहर के एक वार्ड में जाकर लोगों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, सैनिटरी वेस्ट और कांच जैसी खतरनाक वस्तुओं को सुरक्षित तरीके से पैक कर निगम कर्मचारियों को सौंपने की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में कुटुंब ह्यूमानिटी वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष मनीषा देवांगन, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्राही, लक्ष्मण झा, फाउंडेशन के सदस्य, निगम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









