–संपतिया उइके/
भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में कुछ कालखंड ऐसे होते हैं जो केवल शासन परिवर्तन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि राष्ट्र के चरित्र, आत्मविश्वास और विकास की दिशा को भी परिवर्तित कर देते हैं। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ नया भारत का यह अभियान आज 12 वर्ष पूर्ण कर चुका है। यह केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों, आकांक्षाओं और संकल्पों को साकार करने का एक विराट राष्ट्रीय आंदोलन है।

2024 में एक बार फिर मिले जन आशीर्वाद के बाद माननीय प्रधानमंत्री जी ने 9 जून 2024 को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी इस ऐतिहासिक अवसर को पूरा विश्व देख रहा था मुझे भी इस अवसर का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ था आज तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण हो रहे हैं इस अवसर पर मैंने यह लेख लिखने का निर्णय किया |
पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शासन को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का साधन बनाया है। यही कारण है कि आज देश का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर संचालित की गई योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। जनधन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं गरीबों तक पहुंचीं, उज्ज्वला योजना ने माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई, प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को अपना घर दिया और आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्रदान किया। कोरोना महामारी जैसी वैश्विक आपदा के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर सरकार ने संवेदनशील और उत्तरदायी शासन का परिचय दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल क्रांति का भी नया इतिहास रचा है। आज डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीक आधारित शासन व्यवस्था ने देश को नई गति प्रदान की है। भारत का यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श मॉडल बन चुका है। डिजिटल इंडिया अभियान ने गांव और शहर के बीच की दूरी को कम किया है तथा आम नागरिक को सशक्त बनाया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सशक्त और आत्मविश्वासी हुआ है। आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, सीमाओं की सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रयासों ने देश की सामरिक शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव निरंतर बढ़ा है। आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि वैश्विक नेतृत्व की क्षमता रखने वाले राष्ट्र के रूप में देख रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य भी किया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास, महाकाल लोक का निर्माण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को सम्मान दिलाने के प्रयास सांस्कृतिक पुनर्जागरण के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। इन कार्यों ने देशवासियों के आत्मगौरव को नई ऊर्जा प्रदान की है।

मध्यप्रदेश को भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का विशेष लाभ प्राप्त हुआ है। प्रदेश में सड़क, रेल, जल, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक विकास परियोजनाएं साकार हुई हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश के गांवों तक विकास पहुंचा है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भी इस राष्ट्रीय संकल्प को पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
आज जब भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देश के लिए प्रेरणा और विश्वास का प्रतीक बना हुआ है। उनका विजन केवल वर्तमान की आवश्यकताओं को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।

मोदी जी के 12 वर्षों का यह कार्यकाल वास्तव में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय है। यह यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई है, बल्कि विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ एक नए युग की शुरुआत कर रही है। हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में अपनी श्रेष्ठ पहचान स्थापित करते हुए विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

(लेखिका: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री, मध्यप्रदेश शासन है)
PUBLICFIRSTNEWS.COM









