भोपाल। राजस्थान के दौसा जिले में ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में कई यात्रियों की मृत्यु पर शोक जताते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि दौसा में हुए इस सड़क हादसे में कई यात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार राजस्थान शासन के साथ लगातार संपर्क में है और हादसे से प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही हादसे में घायल सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मध्यप्रदेश सरकार ने आश्वस्त किया है कि दुर्घटना से प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.