भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मध्यप्रदेश की राजनीति और विकास से जुड़ी बड़ी घोषणा सामने आई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि मध्यप्रदेश इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का “एक निशान, एक प्रधान और एक विधान” का सपना आज भी देश को दिशा दे रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उन राज्यों में शामिल होने जा रहा है, जहां एक समान कानून व्यवस्था लागू होगी। उनके अनुसार, यह कदम संविधान की मूल भावना और समानता के सिद्धांत को मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। आज दुनिया के बड़े देश भारत के साथ साझेदारी करना चाहते हैं और देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी इसी सोच के साथ औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश अब रक्षा उत्पादन सहित कई नए क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
भोपाल बनेगा आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की आधारशिला रखी जाएगी। यह परियोजना भोपाल को निवेश, उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बनाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पार्क में उद्योगों के साथ आवास, भोजन, कौशल विकास और रोजगार जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यह एक समग्र औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगा।
मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर बनेगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भोपाल में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। सतगढ़ी में बनने वाला यह सेंटर 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाला होगा, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, निवेशक बैठकें और बड़े आयोजन आयोजित किए जा सकेंगे।
इसके अलावा कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास भी लगभग 5 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा।
बेरोजगारी दर सबसे कम होने का दावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां बेरोजगारी दर सबसे कम है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग, निवेश और अधोसंरचना विकास के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लगातार सृजित कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
