लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।

जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित लोगों की काउंसिलिंग करते हुए सलाह दी कि ऐसे विवाद परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी में आपसी संवाद से सुलझाए जाएं। साथ ही निजी मामलों में बाहरी हस्तक्षेप से बचने की भी अपील की।

इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समयसीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भेंट की और मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा जीवन में सफलता हासिल करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर जनसुनवाई, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता नजर आया, जहां आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और प्रभावी प्रशासन पर विशेष जोर दिया गया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply