मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने का लक्ष्य तय करते हुए कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग को सभी आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा नागरिकों का पुलिस पर भरोसा लगातार बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और प्रदेश में शांति, सुरक्षा तथा सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सक्रियता दिखाई जाए। उन्होंने आने वाले त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र राजधानी से लेकर सभी जिलों तक पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान को मिशन मोड में चलाने पर जोर देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को तय समय-सीमा से पहले नशामुक्त राज्य बनाने के लिए पुलिस को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा। उन्होंने सीमावर्ती राज्यों से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखने और उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। नशा मुक्ति अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में हाल ही में आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक लगभग 25 हजार पदोन्नतियों को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही निर्देश दिए कि जहां भी पद रिक्त हैं, वहां सितंबर तक विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया पूरी कर भर्ती एवं पदपूर्ति में तेजी लाई जाए। उन्होंने बैकलॉग समाप्त करने और स्वीकृत पदों को बिना विलंब भरे जाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजातियों—बैगा, सहरिया और भारिया—के योग्य युवाओं को पुलिस सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में भर्ती के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराने पर विचार करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी गणतंत्र दिवस तक प्रदेश के प्रत्येक जिले का अपना पुलिस बैंड तैयार किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण के बाद अब विकास कार्यों की गति तेज करने का समय है और पुलिस भी सामाजिक एवं सकारात्मक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाकर महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य मध्य प्रदेश में ऐसी पुलिस व्यवस्था विकसित करना है जो आधुनिक, जवाबदेह, तकनीकी रूप से सक्षम और नागरिकों के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
