पब्लिक फर्स्ट भोपाल- मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन में प्रभारी सहायक यंत्री (संविदा) हेमा मीणा करोड़ों की असामी निकली हैं। 13 साल की नौकरी में उन्होंने आय से 332% ज्यादा प्रॉपर्टी बना ली। उनकी मंथली सैलरी 30 हजार रुपए महीना है। गुरुवार सुबह भोपाल से 19 किलोमीटर दूर उनके बिलखिरिया स्थित आवास, फार्म हाउस और ऑफिस पर लोकायुक्त ने छापा मारा है।

अब तक 7 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी मिल चुकी है। लोकायुक्त टीम का मानना है कि प्रॉपर्टी का मूल्यांकन करने में दो दिन लग सकते हैं। संविदा अधिकारी की रईसी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर पर 30 लाख रुपए का LED TV लगा रखा था। फार्म में 100 से ज्यादा डॉग्स मिले हैं। इनमें कई महंगे ब्रीड के डॉग हैं। इनके लिए रोटी बनाने के लिए ढाई लाख रुपए की मशीन है।

बंगले में बनवाए गए बड़े से गैराज में थार समेत 20 लग्जरी कार खड़ी मिलीं। लग्जरियस लाइफ की शौकीन हेमा खुद को IPS बताती है। बंगले के कर्मचारियों से बात करने के लिए वॉकी-टॉकी का यूज करती है। बंगले में जैमर लगा रखा है। 20 हजार वर्ग फीट जमीन पर यह आलीशान बंगला हेमा ने पिता के नाम बनवाया है। इसकी लागत 1 करोड़ रुपए है।

इतना ही नहीं, भोपाल, रायसेन और विदिशा के कई गांवों में जमीन के दस्तावेज मिले हैं। हार्वेस्टर, धान बुवाई मशीन, ट्रैक्टर और खेती में काम आने वाले इंस्ट्रूमेंट खरीदी के भी डॉक्यूमेंट्स बरामद हुए हैं। बंगले से पुलिस हाउसिंग बोर्ड का सरकारी सामान भी मिला है। टीम इसे क्रॉस चेक करा रही है।

लोकायुक्त SP मनु व्यास ने बताया कि हेमा मीणा के खिलाफ 2020 में आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस किया गया है। विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम भोपाल से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई है।

Share.

Comments are closed.