पब्लिक फर्स्ट- प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर मौके से भागने लगा। पकड़े जाने के डर से खुद को गोली मार ली। दोनों की मौत हो गई। घटना मुरैना के जौरा कस्बे की शुक्रवार सुबह 12 बजे की​​​​ है।

बीच बाजार में गोली चलने से भगदड़ मच गई। जौरा के थाना प्रभारी ओपी रावत ने बताया कि पहली नजर में मामला प्रेम संबंध का है। दोनों की मौत हो चुकी है। दोनों का पीएम कराया जाएगा। उसके बाद जांच की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक जौरा कस्बे में विजय प्रजापति पुत्र रघुवीर प्रजापति( 18 वर्ष) निवासी पुराना जौरा कस्बा का सोनिया पुत्री स्व. लोकेन्द्र पटवा को चाहता था। वह माला पिरोने का काम करती थी। शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे के करीब विजय प्रजापति हनुमान चौराहे पर आया। चौराहे से अंदर बाजार में मौजूद मंदिर में सोनिया से बातचीत करने लगा। देखते ही देखते दोनों में झगड़ा होने लगा। उसने करीब 20-25 मिनट तक बातचीत की। उसके बाद उसने कमर से कट्‌टा निकालकर लड़की को गोली मार दी। गोली एक फीट दूर से मारी गई। गोली लगते ही सोनिया जमीन पर गिर गई। गोली मारने के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन बाजार में भीड़ होने के कारण वह भाग नहीं सका। सोनिया को गोली मारने के बाद वह लगभग 90 फीट तक भागा और फिर अपने बचने का कोई चारा न देखते हुए उसने खुद की कनपटी पर कट्‌टा रखकर गोली मार दी। गोली मारते ही खून का फव्वारा फूट गया और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा।

गोली की आवाज सुनकर मची भगदड़

बीच बाजार में गोलियों की आवाज सुनकर लोग सकते में आ गए और भगदड़ जैसी स्थित बन गई। देखते ही देखते बाजार में दुकानों के शटर नीचे गिरने लगे। जौरा थाना प्रभारी ओपी रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जौरा भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Share.

Comments are closed.