मच्छरदानी में सोने को लेकर हुए विवाद में मजदूर की छत से नीचे फेंक हत्या कर दी। मामला हरियाणा के अंबाला जिले की नारायणगढ़ अनाज मंडी का है। परिजन इत्फ़ाकिया मौत समझ शव को बिहार ले गए, लेकिन बाद में वारदात से जुड़ी CCTV फुटेज सामने आने पर मौत के कारणों का खुलासा हुआ। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार के गांव डेहरी टोलाकाच मोह (अररिया) निवासी नरेश विश्वास ने बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे उसका बड़ा भाई श्रवण विश्वास, गांव धर्म गंज निवासी सुनील सदा और संत लाल सदा बिहार से नारायणगढ़ अनाज मंडी पहुंचे थे। यहां उन्होंने दिनभर काम किया। रात को उसका भाई दुकान नंबर-57 की छत पर उपेंद्र ठाकुर के साथ सोया था।

मच्छरदानी में सोने को लेकर हुआ विवाद
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बगल में सुनील सदा और संत लाल सोए हुए थे। मकान के नीचे संतोष ठाकुर, उपेंद्र ठाकुर का साला रणजीत ठाकुर सोया हुआ था। रात को सोते वक्त उसके भाई श्रवण और उपेंद्र ठाकुर का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पांचों ने मिलकर उसके भाई श्रवण विश्वास को छत से नीचे फेंक दिया। जिसमें उसकी गर्दन टूटने से मौत हो गई।

CCTV फुटेज देखी तो वारदात का खुलासा हुआ
नरेश विश्वास ने बताया कि वे श्रवण विश्वास के शव को अपने साथ बिहार ले गए थे। यहां उन्होंने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। बाद में दुकान नंबर-55 के बाहर लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली तो पता चला कि पांचों ने मिलकर उसके भाई को छत से नीचे फेंका था। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ धारा 304 व 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share.

Comments are closed.

Secret Link