पब्लिक फर्स्ट ब्यूरो

मध्यप्रदेश कांग्रेस और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान में ट्विटर वॉर फिर गर्मा गया है। तीन दिन में मंगलवार को दूसरी बार है, जब कांग्रेस और कार्तिकेय में ट्विटर पर बयानजाबी हुई है।कांग्रेस ने 21 मई की रात 8.48 पर ट्वीट करते हुए कार्तिकेय को लिखा- हे युवराज! जब आप अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे, तब आपके पिताजी की सरकार मंदसौर में किसानों के बच्चों को गोलियों से भून रही थी। इसके जवाब में कार्तिकेय ने मंगलवार (22 मई) सुबह 7.38 ट्वीट कर कहा- सुना है बड़े भाई नकुलनाथ जी जब अमेरिका में थे, तो देश में सिख नरसंहार हो रहा था?

इससे पहले कार्तिकेय ने कांग्रेस के लिए लिखा था- कांग्रेस नेताओं में चरित्र शब्द की समझ कम है। दरअसल, कांग्रेस ने CM और उनकी पत्नी साधना का एक VIDEO शेयर करते हुए तंज कसा था। लिखा था- आदरणीय मामी जी ! अब आपकी जल्द ही चूल्हा फूंकने की तकलीफ खत्म होने वाली है, क्योंकि कमलनाथ जी के मुख्यमंत्री बनते ही आपको भी 500 में गैस सिलेंडर मिलेगा।

VIDEO में शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह सिलबट्टा चलाते नजर आ रहीं हैं। पास में कुछ महिलाएं चूल्हे पर रोटियां सेंकती और चूल्हा फूंकती दिख रही हैं। यह VIDEO मई को CM ने अपनी मैरिज एनिवर्सिरी के दिन ट्वीट किया था।

कार्तिकेय के जवाब के बाद MP कांग्रेस की ओर से लंबा ट्वीट किया गया है…

आपके पिता जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार बलात्कार में पूरे देश में नंबर वन

हे! युवराज, माता-पिता के प्रति आदर हम सबके मन में है। लेकिन, आपको उन बहन-बेटियों का दर्द क्यों नहीं दिखता, जिनके घर में आपके पिता की दी हुई महंगाई ने कोहराम मचा रखा है। जब आप अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे, तब आपके पिता जी की सरकार मंदसौर में किसानों के बच्चों को गोलियों से भून रही थी।

आपको उन युवाओं का दर्द क्यों नहीं दिखता, जो आपके पिता जी की सरकार में भर्ती के इंतजार में ओवरऐज होकर घर बैठ गए। आपको आपके पिता जी के शासनकाल में हुए व्यापम, ई-टेंडर, कारम डैम, पोषण आहार, पुलिस भर्ती, पेसा समन्वयक भर्ती जैसे हजारों घोटालों पर अफसोस क्यों नहीं होता।

आपके पिताजी लोकतंत्र की हत्या कर कुर्सी पर बैठे हैं। आपको कभी इस बात पर अफसोस क्यों नहीं होता? आपके पिता जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार बलात्कार में पूरे देश में नंबर वन आता रहा है, आपको अफसोस कब होगा? आदिवासियों पर अत्याचार में मध्यप्रदेश पूरे देशमें नंबर वन है, ये आपको भी दिखता होगा?

इसलिए अमेरिका रिटर्न युवराज से प्रार्थना है कि आप भी नारी सम्मान योजना का जमकर प्रचार – प्रसार करें और अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़कर उन्हें लाभ दिलाएं व अपने पिता जी के जंगलराज से मध्यप्रदेश को मुक्ति दिलाने के लिए प्रभु हनुमान की नियमित उपासना करें।

कांग्रेस के इस ट्वीट के जवाब में कार्तिकेय ने लिखा…

राजनीति के लिए मुद्दे खोजिए, परिवार नहीं

युवराज शब्द आप लोगों के लिए नया नहीं है। आपकी पार्टी में कई युवराज हैं, शहजादे हैं। आपको तो कई बार युवराज – युवराज बोलना पड़ता होगा, इसलिए आदतन यहां भी लिख दिया। खैर ये छोड़िए। भाजपा की वजह से आपकी पार्टी महिलाओं का सम्मान करना सीखने की कोशिश करने लगी। हालांकि, वो आपसे होगा नहीं, आपके DNA में नहीं है।

वैसे सुना है बड़े भाई नकुलनाथ जी जब अमेरिका में थे, तो देश में सिख नरसंहार हो रहा था? मेरा समय बर्बाद करने के बजाय चुनाव लड़ने का प्रयास कीजिए। वैसे लगता नहीं, फिर भी उम्मीद करता हूं कि आप राजनीति के लिए मुद्दे खोजेंगे, परिवार नहीं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़क गए। उन्होंने पलटवार में सोशल मीडिया पर ही एक भावुक पोस्ट की। जिसमें उन्होंने लिखा कि मेरी मां, पिता की ताकत हैं। उनका संबल हैं। कांग्रेस रिश्तों की पवित्रता और प्रेम को नहीं समझती। चरित्र शब्द की समझ कांग्रेस के नेताओं को कम है।publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.

Secret Link