पब्लिक फर्स्ट | नई दिल्ली | बैठक में मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में यमुना नदी के स्तर में बढ़ोतरी पर भी चर्चा हुई।

दिल्ली में लगातार भारी बारिश के कारण शहर की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दोपहर सचिवालय में एक बैठक बुलाई। बैठक में मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में यमुना नदी के स्तर में बढ़ोतरी पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सीडब्ल्यूसी के मुताबिक दिल्ली में यमुना नदी 203.58 मीटर पर बह रही है। कल सुबह इसके 205.5 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। साथ ही मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, यमुना में जल स्तर बहुत अधिक बढ़ने की उम्मीद नहीं है। अगर यमुना 206 मीटर का आंकड़ा पार करती है तो हम नदी के किनारे निकासी शुरू कर देंगे।

आज दिल्ली के सभी स्कूल बंद

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश व मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सोमवार को एमसीडी, सरकारी व निजी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दो दिनों से हो रही बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद किया गया है। सोमवार को मौसम के हालात देखने के बाद ही स्कूल खोलने संबंधित निर्णय लिया जाएगा।

आज भी यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान बढ़कर 31 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, विभाग ने 15 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार जताए हैं।

Share.

Comments are closed.