पब्लिक फर्स्ट। भोपाल।
किसानों से 5 वादे किए; नरोत्तम बोले- हम जैकलीन को नहीं लाए, क्या जांच करोगे
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को कहा, ‘BJP सरकार ने जो कर्ज लिया है, वो खर्च कहां हुआ? हम सरकार में आकर इसकी जांच करेंगे। कर्ज का हमें हिसाब चाहिए।’

पूर्व CM ने कहा, ‘हम नर्मदा सेवा सेना बना रहे हैं। यह गैर राजनीतिक है। 28 इलाकों में जहां से नर्मदा गुजरती है, वहां सदस्य बनाए जाएंगे। सीएम शिवराज सिंह भी सदस्य बन सकते हैं। मुझे ऐतराज नहीं है। अगर वे मान जाएं कि नर्मदा में रेत का धंधा बंद हो जाएगा तो मैं शिवराज सिंह को भी इसका सदस्य बनने के लिए आमंत्रित करता हूं।’

कमलनाथ के बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में अपने आवास पर कहा, ‘हमने कोई भी आईफा अवॉर्ड नहीं कराया, न हम जैकलीन को लाए, न सलमान को लाए, क्या जांच कराओगे।’ नर्मदा सेवा सेना बनाने की घोषणा पर गृहमंत्री बोले, ‘कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, तब नर्मदा में खूब अवैध खनन हुआ।’

कमलनाथ के किसानों के लिए 5 ऐलान
पूर्व मुख्यमंत्री ने बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में किसानों के लिए 5 ऐलान भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर वे इन्हें लागू करेंगे।​​​​​​​

5 हॉर्स पावर तक के सिंचाई पंपों के बिजली बिल माफ।
बिजली का बकाया बिल माफ।
किसानों का कर्ज होगा माफ।
आंदोलनों के दौरान दर्ज केस वापस लिए जाएंगे।
12 घंटे निर्बाध बिजली दी जाएगी।

BJP ब्याज माफी की बात करती है, लेकिन कर्ज तो बना रहेगा

​पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘प्रदेश में किसानों की आय कम हुई है। किसान कर्जदार हो गए हैं। कर्ज लगातार बढ़ रहा है। यह नीति आयोग की रिपोर्ट है। BJP कहती है कि हम ब्याज माफ करेंगे। ब्याज माफ कर देने से किसान को राहत मिलेगी, लेकिन वह कर्जदार बना रहेगा। ब्याज चलता रहेगा।’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमने इन सब पर अध्ययन कर यह तय किया है कि हम कृषि न्याय योजना लाएंगे। पिछली सरकार में हमने किसानों का कर्ज माफ करने की नीति बनाई थी। पहली किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ भी कर दिया था। कर्ज माफी की जो घोषणा हमने की थी, उसे चलाते रहेंगे। दूसरी-तीसरी किस्त में कर्ज माफी करेंगे।’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘किसानों के पुराने बिजली बिल माफ किए जाएंगे। 5 हॉर्स पावर के सिंचाई पंप (स्थायी/अस्थायी) के लिए फ्री बिजली दी जाएगी। प्रदेश के 37 लाख किसानों को इससे फायदा होगा। किसानों को 12 घंटे लगातार बिजली दी जाएगी। मकसद खेती की लागत घटाना है।

पूर्व CM ने कहा, ‘जब किसान कोई आंदोलन करता है, तो FIR कर उसे जेल मिलती है। आंदोलन करने पर किसानों के खिलाफ जितने भी केस दर्ज हुए हैं, सभी वापस लिए जाएंगे।’

देरी से पहुंचने पर माफी मांगी
कमलनाथ PCC में तय समय से देरी से पहुंचे। इसके लिए उन्होंने माफी मांगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषणाओं और हाल ही में लाई गईं योजना पर उन्होंने कहा, ‘यह सब प्रलोभन देने और अपने पाप धोने की योजनाएं हैं। लोग भी जानते हैं। 4 महीने बाद जनता इन्हें विदा करने वाली है। अगर मेरे कारण गैस सिलेंडर 500 रु. हो गया तो मुझे खुशी होगी कि इसका श्रेय मुझे जाएगा।’

ठेकेदारों से 25% कमीशन एडवांस लिया जा रहा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘3.30 लाख करोड़ का कर्ज लिया, अभी 10 हजार करोड़ का कर्ज लिया जा रहा है। इन पैसों से क्या किया? मेरा प्रश्न साफ है जो इतना कर्ज लिया है, उसका हमें हिसाब चाहिए। बड़े-बड़े ठेके दिए और 25% कमीशन एडवांस में लिया। अभी बड़े-बड़े शिलान्यास इसीलिए किए जा रहे हैं, ताकि एडवांस कमीशन लिया जा सके।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.