पब्लिक फर्स्ट | भोपाल |
ड्राइवरों ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में खड़ी की बसें, ट्रकों के भी पहिए थमे
मध्यप्रदेश में बस ड्राइवर हड़ताल पर हैं। अधिकतर जिलों में बसों के पहिए थमे हुए हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों के स्टैंड से बसें नहीं चल रही हैं। ड्राइवरों ने चक्काजाम की चेतावनी भी दी है। वे हिट एंड रन मामले में लागू नए कानून का विरोध कर रहे हैं, जिसमें 10 साल की सजा और 7 लाख रुपए जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा ट्रक ड्रायवर्स ने भी रात 2 बजे से ट्रक खड़े कर दिए हैं। हड़ताल ट्रांसपोर्टर्स ने नहीं, बल्कि सिर्फ ड्रायवर्स ने की है। अभी इसमें चार्टर्ड और अन्य ड्राइवर्स शामिल नहीं हुए हैं।
भोपाल से सागर के लिए बस चलाने वाले ड्राइवर हेमराज कुशवाहा ने कहा, ‘मैं इस कानून की निंदा करता हूं। साथियों से कहना चाहता हूं कि वे भी इसका विरोध करें। मैंने बस आईएसबीटी पर खड़ी कर दी है। सभी बसवालों ने यहां बसें खड़ी की हैं। नादरा बस स्टैंड के भी यही हाल हैं। सोमवार को कोई गाड़ी नहीं चलाएगा।हम 10 साल की सजा नहीं भुगत सकते और न ही सात लाख रुपए जुर्माना भर सकते हैं।’ publicfirstnews.com
