छत्तीसगढ़। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव से पहले एक बार फिर साय कैबिनेट की बैठक की चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा संगठन के उच्च पदस्थ सूत्र इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि इस हफ्ते विष्णुदेव साय सरकार में नए चेहरों को शामिल कर लिया जाएगा। सीएम विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव सहित कई अन्य नेताओं के दिल्ली दौरे के साथ ही इन कयासों को और हवा मिल गई है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत कई नेता शामिल थे। कहा जा रहा है कि नगरीय निकाय चुनाव से पहले साय कैबिनेट के नए मंत्रियों के नाम पर मुहर लग जाएगी। दिल्ली दौरे पर गए सीएम साय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर नए मंत्री के नाम पर फाइनल मुहर लगाएंगे।
साय मंत्रिमंडल में इस वक्त मंत्रियों के दो पद रिक्त हैं। संगठन की कोशिश है कि हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्रियों का फार्मूला लागू किया जाए। बस केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलने का इंतजार है। सत्ता और संगठन के अहम चेहरे दिल्ली दौरे पर हैं, जहां एक उच्च स्तरीय बैठक की गई है। हालांकि यह बैठक संगठन चुनाव पर केंद्रित थी, मगर माना जा रहा है कि तमाम आला नेताओं की मौजूदगी में मंत्रिमंडल विस्तार पर भी मुहर लगाई है।
दूसरी ओर चर्चा इस बात की भी है कि छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा वाला फॉमूला लागू किया जा सकता है। दरअसल हरियाणा में भी छत्तीसगढ़ की तरह 90 विधानसभा सीटे हैं, लेकिन यहां कैबिनेट में सीएम के अलावा 13 मंत्रियों को शामिल किया गया है। जबकि सीएम भी वित्त, सामान्य प्रशासन सहित कई विभागों के मंत्री हैं। ऐस में देखा जाए तो हरियाणा में 14 मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार है। अब कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में इसी फॉर्मूले को लागू किया जा सकता है। यानि छत्तीसगढ़ में भी सीएम के अलावा 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां पर फिलहाल बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद सीएम के अलावा 10 मंत्री हैं। जबकि दो मंत्रियों का पद खाली है। वहीं, अगर हरियाणा वाला फॉमूला लागू होता है तो यहां भी तीन और मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। नियम: प्रदेश की विधानसभा सीटों के 15 प्रतिशत विधायकों को मंत्री पद दिया जा सकता है।
वहीं, मंत्रिमंडल के संभावित नामों की बात करें तो ये माना जा रहा है कि भाजपा ने इस बार कम से कम एक सीनियर नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने का फैसला लिया है। ऐसे में ये माना जा रहा है कि अमर अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। वहीं, एक नए विधायक का नाम भी मंत्रिमंडल की रेस में आगे चल रहा है। कहा जा रहा है दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM