संसद भवन में बुधवार को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत के टेलीकॉम क्षेत्र की उपलब्धियों और 5जी नेटवर्क की प्रगति के आंकड़े सदन के पटल पर रखे। मंत्री ने बताया कि पिछले 5 वर्षों में भारत का टेलीकॉम निर्यात 72 प्रतिशत बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये से 18,406 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि आयात 51,000 करोड़ रुपये के स्तर पर स्थिर है।

सिंधिया ने कहा कि यह आंकड़ा भारत की टेलीकॉम आत्मनिर्भरता और वैश्विक बाजार में मजबूती की कहानी बयां करता है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है बल्कि अब विश्व में टेलीकॉम क्षेत्र में नेतृत्व के लिए तैयार भी हो रहा है।”

केंद्रीय मंत्री ने 5जी नेटवर्क की उपलब्धियों का भी विवरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत के 778 जिलों में से 767 जिले 5जी नेटवर्क से कनेक्ट हो चुके हैं। वर्तमान में देश में 36 करोड़ 5जी उपभोक्ता हैं, जो 2026 तक बढ़कर 42 करोड़ और 2030 तक 100 करोड़ तक पहुँचने की उम्मीद है।

सिंधिया ने बताया कि भारत की 5जी सफलता और निर्यात वृद्धि दर्शाती है कि देश तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है और वैश्विक टेलीकॉम क्षेत्र में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है।

विशेष रूप से, भारत के निर्यात में वृद्धि और आयात में स्थिरता यह दिखाती है कि देश टेलीकॉम उत्पादों और सेवाओं में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी मजबूत स्थिति हासिल कर रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply