छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने सुदूर वनांचल के गांवों की तस्वीर बदल दी है। विशेषकर बस्तर और सरगुजा जिलों में यह योजना ग्रामीणों, छात्रों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए परिवहन की सुविधा सुनिश्चित कर रही है। योजना के तहत दूरस्थ गांवों को जिला मुख्यालय, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन से जोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों का समय और मेहनत दोनों बचे।
सरगुजा जिले के बादा से बरियों, चारपारा, ककना, सिधमा, अखोराखुर्द, रूखपुर, चिखलाडीह, नर्मदापारा, सरगवां और अम्बिकापुर तक बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरदर्शिता और संवेदनशीलता के चलते अब दूरस्थ अंचलों में भी विकास की गूंज सुनाई दे रही है।
स्वास्थ्य कर्मी और स्थानीय निवासी इस सुविधा से बेहद लाभान्वित हो रहे हैं। शहरी स्वास्थ्य अस्पताल में कार्यरत श्रीमती परमानिया पैकरा ने बताया कि पहले उन्हें ड्यूटी पर समय पर पहुंचना और सुरक्षित घर लौटना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अब बस सेवा शुरू होने के बाद यह समस्या समाप्त हो गई है। स्वास्थ्य कर्मी चंदा टोप्पो ने भी कहा कि बस सेवा ने उनकी पेशेवर जिंदगी को आसान बना दिया है।
विद्यार्थियों के लिए यह सेवा क्रांतिकारी साबित हो रही है। पुष्पेंद्र कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फाइनल ईयर छात्रा लक्ष्मी ने बताया कि अब बस उनके घर के सामने से गुजरती है, जिससे पढ़ाई के लिए उन्हें ज्यादा सुविधा मिल रही है। वहीं, पीजी कॉलेज की छात्रा निशा कहती हैं कि पहले उसे 5 किलोमीटर पैदल चलकर बस पकड़नी पड़ती थी, अब वह सीधे गाँव से बस लेकर कॉलेज जा रही है।
सुदूर गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को लंबी पैदल यात्रा और बाइक यात्रा से मुक्ति मिली है। सरगुजा जिले के सिदमा गाँव के निवासी दिव्यांशु सिंह ने बताया कि अब बस सेवा शुरू होने से वह समय पर स्कूल पहुंच पाता है और उनके जीवन में सुविधा आई है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल एक बस सेवा नहीं, बल्कि सुदूर क्षेत्रों को शहर की मुख्यधारा से जोड़ने वाली सशक्तिकरण और सुशासन की पहल है। नियमित बस संचालन से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हुई है। इस योजना के माध्यम से अंतिम पंक्ति पर खड़े लोग भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और प्रदेश की प्रगति की नई कहानी गढ़ रहे हैं।
PUBLICFIRSRTNEWS.COM
