मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश में तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय हेतु अतिरिक्त दो दिवस — 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक की अनुमति प्रदान की गई है।

राज्य सरकार के इस निर्णय से उन किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जो विभिन्न कारणों से निर्धारित तिथि में धान विक्रय नहीं कर पाए थे।

इन किसानों को मिलेगा अतिरिक्त अवसर

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निम्नलिखित तीन श्रेणियों के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे—

  • ऐसे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया था, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया था।
  • ऐसे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया और सत्यापन उपरांत उनके पास धान पाया गया है।
  • ऐसे किसान, जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर सके।
व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट निर्देश

किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री साय ने संबंधित अधिकारियों को बारदाना एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता

राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित, सुचारु एवं समयबद्ध विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी किसान को अपनी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.