मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मजना चौकी क्षेत्र के रायपुर गांव में दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, रैकवार समाज का एक परिवार अपनी बेटी की विदाई कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो नशे में धुत युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दबंग युवक परिवार के घर में घुस गए और लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
महिलाएं समेत कई लोग घायल
इस हमले में परिवार की महिलाओं सहित कई सदस्य घायल हो गए। दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के कई घंटे बाद तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जैसे ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, गांव में आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
