छत्तीसगढ़ के कांकेर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
कांकेर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 6 लाख 54 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
मामला नया बस स्टैंड स्थित कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर नए बस स्टैंड इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी के पास से 500-500 रुपये के बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी दबाव के चलते उसने घर में ही नकली नोट छापने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकली नोटों के साथ-साथ नोट छापने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस काम को अंजाम दे रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि नकली नोटों को बाजार में कहां और कैसे खपाने की तैयारी थी।
इस कार्रवाई को कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
