छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार सामने आ रही शीतला मंदिर चोरी की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए अब धमतरी पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों, साइबर सेल और एफएसएल अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में मंदिर चोरी के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, संदिग्धों की लगातार निगरानी रखने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने रात्रि गश्त बढ़ाने, निगरानी बदमाशों की चेकिंग करने और संवेदनशील मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही साइबर और एफएसएल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने, संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण करने और सीमावर्ती इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

फिलहाल धमतरी पुलिस मंदिर चोरी की घटनाओं को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसपी सूरज सिंह परिहार के सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस की यह सख्ती और तकनीकी जांच आखिर कब तक मंदिर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगा पाती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









