धमतरी। प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक Lekhram Sahu कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने बड़ी संख्या में हितग्राहियों के साथ कलेक्टर जनदर्शन में शामिल होकर ज्ञापन सौंपा और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

पूर्व विधायक लेखराम साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कई लाभार्थियों को स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसके चलते अनेक परिवारों के मकान निर्माण कार्य अधूरे पड़े हुए हैं और उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को भी कई महीनों से पेंशन राशि नहीं मिलने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। इससे जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।

जनदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लेखराम साहू ने प्रशासन से मांग की कि आवास योजना की लंबित राशि का जल्द भुगतान कराया जाए, पेंशनधारियों को नियमित रूप से पेंशन उपलब्ध कराई जाए तथा किसानों और व्यापारियों की समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, कलेक्टर ने सभी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनकी जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अब हितग्राहियों को अपनी समस्याओं के समाधान का इंतजार है।

PUBLICIFRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link