धमतरी। जिले के प्रसिद्ध गंगरेल बांध से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक महिला द्वारा बांध में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रदेश की पहली वाटर एंबुलेंस टीम की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार घटना गंगरेल बांध स्थित अंगार मोती के पीछे हनुमान मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि एक महिला अचानक बांध में कूद गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल प्रशासन और बचाव दल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रदेश की पहली वाटर एंबुलेंस की टीम सक्रिय हो गई और कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डूब रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला अपनी करीब 5 वर्षीय बच्ची के साथ गंगरेल बांध पहुंची थी। हालांकि महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की पहली वाटर एंबुलेंस की उपयोगिता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को साबित कर दिया है। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से एक बड़ी जनहानि टल गई और महिला की जान बचाई जा सकी।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। धमतरी सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के अनुसार महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल महिला जिला अस्पताल में उपचाराधीन है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









