मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 को इस वर्ष तीसरा राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। देहरादून में आयोजित हिंदुस्तान 2.0 नेशनल चिंतन शिविर एवं एक्सपो के दौरान BITA Awards 2026 में विक्रमोत्सव को ‘Government Event of the Year (Gold Award)’ से सम्मानित किया गया।
बताया गया है कि BITA की टीम जल्द ही भोपाल पहुंचकर यह प्रतिष्ठित सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपेगी। उल्लेखनीय है कि विक्रमोत्सव को दुनिया का सबसे लंबी अवधि तक चलने वाला सांस्कृतिक आयोजन माना जाता है, जिसमें सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ बिजनेस और सामाजिक कार्यक्रमों का भी समावेश होता है।
पहले भी जीत चुका है दो राष्ट्रीय सम्मान
विक्रमोत्सव 2026 इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। नई दिल्ली में आयोजित Show of India Conclave 2026 में इसे ‘Cultural Live Event of the Year’ श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड और ‘Best Government Participation in Live Event’ श्रेणी में सिल्वर अवॉर्ड मिला था। इस नवीन उपलब्धि के साथ वर्ष 2026 में विक्रमोत्सव को कुल तीन राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
139 दिनों तक चला भव्य आयोजन
इस वर्ष विक्रमोत्सव का आयोजन 12 फरवरी से 30 जून 2026 तक कुल 139 दिनों तक चला। आयोजन के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान, महाशिवरात्रि पर शिवोऽहम महादेव कार्यक्रम, भगवान विक्रमादित्य पर महानाट्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामाजिक अभियान और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन में 41 से अधिक गतिविधियों के माध्यम से 4 हजार से अधिक कलाकारों ने भाग लिया।
17.72 करोड़ लोगों तक पहुंचा विक्रमोत्सव
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार विक्रमोत्सव 2026 ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नया रिकॉर्ड बनाया। आयोजन से जुड़ी गतिविधियां 17.72 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचीं। सोशल मीडिया, लाइव स्ट्रीमिंग और जनभागीदारी के माध्यम से विक्रमोत्सव ने देशभर में व्यापक पहचान बनाई।
सांस्कृतिक पहचान को मिली नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विक्रमोत्सव आज भारतीय संस्कृति, इतिहास और विरासत का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रहे राष्ट्रीय सम्मान मध्यप्रदेश की उत्कृष्ट आयोजन क्षमता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी की सफलता का प्रमाण हैं।
विक्रमोत्सव को मिली यह उपलब्धि न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि पूरे देश के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक नई पहचान और नया मानक स्थापित करने वाली मानी जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
