उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के आस्था और मनोरंजन जगत का अनूठा संगम देखने को मिला। हाल ही में ओटीटी पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ ‘रक्तांचल-3’ के कलाकार निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और लोकप्रिय वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ में सहायक सचिव की भूमिका निभाने वाले अभिनेता चंदन राय बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। तीनों कलाकारों ने भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कलाकार बुधवार सुबह करीब चार बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में भाग लिया। आरती के बाद तीनों ने नंदी महाराज का पूजन किया और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना कही। इसके पश्चात चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया। कलाकारों ने मंदिर परिसर स्थित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए।
जानकारी के अनुसार, ‘रक्तांचल-3’ की टीम वेब सीरीज़ के प्रमोशन के सिलसिले में इंदौर पहुंची थी। मंगलवार को मीडिया से बातचीत के बाद कलाकारों ने बाबा महाकाल के दर्शन का कार्यक्रम बनाया और बुधवार तड़के उज्जैन पहुंचकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
दर्शन के बाद अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचना उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस आध्यात्मिक अनुभूति को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। बाबा महाकाल का आशीर्वाद पाकर उन्हें अपार खुशी, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हुआ।
उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में देश-विदेश की कई नामचीन हस्तियां समय-समय पर दर्शन के लिए पहुंचती रहती हैं। इसी कड़ी में ‘रक्तांचल-3’ के कलाकारों ने भी बाबा महाकाल के दरबार में मत्था टेककर अपनी नई वेब सीरीज़ की सफलता और जीवन की मंगलकामना की।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
