छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में उद्यमियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान जिले के औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं, रोजगार सृजन तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान उद्यमियों के सुझाव सुने और उद्योगों के विस्तार के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं बेहतर निवेश वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े विषयों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, उद्योग जगत और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से छिंदवाड़ा विकास के नए आयाम स्थापित करेगा.
PUBLICFIRSTNEWS.COM
