छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के साथ-साथ अब ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर भी तेजी से बढ़ रहा है। आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते राज्य आज आईटी, आईटीईएस और इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

CoE और ESDD सेंटर की स्थापना

इस एमओयू के अंतर्गत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित CoE के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडटेक (वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित), स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा।

वहीं अत्याधुनिक ESDD सेंटर हर वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे वैश्विक अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा राज्य के भीतर ही प्राप्त होगी। इससे उच्च कौशल वाले युवाओं का बड़े महानगरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने STPI के साथ हुए सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के अनुभव का लाभ अब छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को मिलेगा।

डिजिटल नवाचार में मील का पत्थर

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, एसटीपीआई के निदेशक श्री रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ श्री प्रभात मलिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.