पब्लिक फर्स्ट। मडगांव।

शनिवार को होने वाली गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का इनॉगरेशन रद्द कर दिया गया है। पीएम मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाने वाले थे। ओडिशा ट्रेन हादसे के बाद यह फैसला लिया गया है। इस इवेंट में मडगांव स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी आने वाले थे। मगर उन्होंने सारे कार्यक्रम रद कर दिए हैं। रेल मंत्री शनिवार सुबह ओडिशा में ट्रेन हादसे वाली जगह पहुंचे।

आठ कोच की होगी वंदे भारत एक्सप्रेस
फिलहाल महाराष्ट्र में 16-कोच वाली वंदे भारत ट्रेनें CSMT मुंबई-साईंनगर शिरडी, CSMT-सोलापुर और मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद रूट पर चल रही हैं। एक दूसरी ट्रेन नागपुर और बिलासपुर के बीच चल रही है। गोवा रूट पर वंदे भारत के अगले हफ्ते से रेग्युलर चलने की उम्मीद है। रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर हफ्ते के बाकी 6 दिन चलेगी।

7 स्टेशनों पर होगा वंदे भारत का हॉल्ट
गोवा-मुंबई रूट पर वंदे भारत ट्रेन के 7 स्टॉपेज दिए गए हैं। इसके CSMT, दादर, ठाणे, पनवेल, रोहा, खेड़, रत्नागिरी, कंकावली, थिविम और मडगांव स्टेशनों पर हॉल्ट रहेंगे। इसके पहले 16 मई को सीएसएमटी और मडगांव के बीच एक ट्रायल के दौरान ट्रेन ने लगभग सात घंटे में दूरी तय कर ली थी। टिकटों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि एक टिकट की कीमत 1400 रुपए के आसपास होगी। ट्रेन की अलग-अलग क्लास को देखते हुए टिकट की कीमत में बदलाव हो सकता है।

वंदे भारत से बढ़ी रेल यात्रियों की सुविधा
दुनिया में चौथा सबसे लंबा रेल नेटवर्क भारत का है। यहां 1.25 लाख किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर हर रोज 11 हजार से ज्यादा ट्रेनें दौड़ती हैं। इन ट्रेनों के जरिए करीब 3 करोड़ लोग हर रोज सफर करते हैं। इतना बड़ा और लोगों से जुड़ा होने की वजह से भारत में रेलवे का अलग बजट ही पेश किया जाता था। 2016 में मोदी सरकार ने 92 साल पुरानी ये प्रथा बंद की।

Share.

Comments are closed.