पब्लिक फर्स्ट।

जेपी नड्डा ने बिलासपुर में रैली को किया संबोधित
कांग्रेस सरकार पर नड्डा ने लगाया बड़ा आरोप
कहा- भ्रष्टाचार में डूबी है राज्य की सरकार
छत्तीसगढ़ में इसी साल होंगे चुनाव

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे में थे। बिलासपुर में रैली को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। नड्डा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ‘भ्रष्टाचार का बादशाह’ करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आकंठ भ्रष्टाचार डूबी है। राज्य के बिलासपुर शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए, नड्डा ने कहा कि बघेल सरकार भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं करती है, और सभी भ्रष्ट लोग मुख्यमंत्री से जुड़े हुए हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

जेपी नड्डा ने विधानसभा चुनाव में लोगों से बीजेपी को वोट देने का आह्वान किया। नड्डा ने कहा कि राज्य में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी हो गया है। नड्डा ने आरोप लगाया, ”(राज्य के मुख्यमंत्री) भूपेश बघेल कोई काम नहीं करते हैं। वह आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। वह भ्रष्ट लोगों के ‘बादशाह’ बन गए हैं। राज्य में जो भ्रष्टाचार कर रहा है वह उनसे जुड़े हुए हैं।”

उन्होंने कहा, ”बघेल सरकार ने पूर्ववर्ती रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान शुरू किए गए कार्यों और योजनाओं पर अपना लेबल लगा दिया है।” उन्होंने सभा में आए लोगों से पूछा कि क्या बघेल सरकार ने कोयला परिवहन, शराब, रेत और अन्य क्षेत्रों में भ्रष्टाचार किया है या नहीं, तो लोगों ने इसका ‘हां’ में जवाब दिया। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी पूछा, ”मुख्यमंत्री की उप सचिव पिछले पांच महीने से जेल में हैं या नहीं ।’’

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.