पब्लिक फर्स्ट। हैदराबाद।

हैदराबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट में एक पैसेंजर ने टेक ऑफ के दौरान प्लेन के इमरजेंसी गेट का कवर खोल दिया। क्रू मेंबर ने पैसेंजर को ऐसा करते देखा तो उसे तुरंत वहां से हटा दिया और कवर लगा दिया।

क्रू मेंबर ने मामले की शिकायत दिल्ली एयरपोर्ट पर की। फ्लाइट के लैंड होते ही यात्री को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ सेक्शन 336 और एयरक्राफ्ट रूल्स के सेक्शन 22 के तहत FIR भी दर्ज की गई है। एजेंसी के मुताबिक, ये घटना 8 जुलाई की है।

यात्री की सीट इमरजेंसी गेट के पास थी
इंडिगो की फ्लाइट 6E 5605 में फुरोकोन हुसैन (40 साल) सीट नंबर 18ए पर बैठे थे। उनकी सीट इमरजेंसी गेट के पास थी। हैदराबाद से फ्लाइट के उड़ान भरते ही उन्होंने इमरजेंसी गेट का कवर खोल दिया, जबकि सीट पर बैठने से पहले उन्हें कवर के साथ छेड़छाड़ न करने के निर्देश दिए गए थे।

प्लेन के इमरजेंसी गेट का कवर खुलते ही यात्री, पायलट्स और क्रू मेंबर घबरा गए। क्रू मेंबर में से एक ने तुरंत एक्शन लेते हुए कवर को दोबारा लगाया और यात्री को दूसरी सीट पर बैठा दिया।

इमरजेंसी गेट का कवर खुलने से गेट खुलने का खतरा
सेफ्टी एक्सपर्ट के मुताबिक, इमरजेंसी गेट के हैंडल पर एक कवर होता है जो उसे केबिन के दबाव या किसी और वजह से खुलने से बचाता है।

इंडियन एयरलाइन्स के फ्लाइट सेफ्टी के पूर्व डायरेक्टर एसएस पनेसर के मुताबिक, अगर कवर हटा दिया जाता है, तो हैंडल खुला रहता है। ऐसे में प्लेन की लैंडिग के दौरान इमरजेंसी गेट खुल सकता है। इससे प्लेन को खतरा हो सकता है।

क्रू मेंबर ने कहा- इमरजेंसी गेट का कवर गलती से नहीं खुल सकता
एयरलाइन के क्रू मेंबर ने PTI को बताया कि इमरजेंसी गेट का कवर ऐसा है कि वो गलती से नहीं खुल सकता है। उसे जानबूझकर ही खोला या निकाला जा सकता है। उसे बाहर निकालना पड़ता है। इसके लिए आपको जोर लगाना पड़ता है।

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने खोला फ्लाइट का इमरजेंसी गेट, माफी मांगी
10 दिसंबर 2022 को इंडिगो का प्लेन चेन्नई से तिरुचिरापल्ली जाने के लिए रनवे पर खड़ा था। इसी दौरान भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने प्लेन का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया था। एयरलाइन ने तेजस्वी सूर्या का नाम लिए बिना बताया था कि पैसेंजर ने इस गलती के लिए माफी मांग ली थी। सारे सिक्योरिटी चेक पूरा करने के बाद ही फ्लाइट ने उड़ान भरी थी।

प्लेन का इमरजेंसी गेट खोलने लगा नशे में धुत यात्री, क्रू मेंबर्स से बदतमीजी की
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट के दौरान एक यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। यात्री नशे में धुत था और क्रू से भी दुर्व्यवहार कर रहा था। क्रू मेम्बर्स ने फ्लाइट कैप्टन को सूचना दी। फ्लाइट के बेंगलुरु पहुंचने पर यात्री को CISF को सौंप दिया गया। उस पर 3 धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.