पब्लिक फर्स्ट। कैनबरा।

ऑस्ट्रेलिया का एक सेलर यानी नाविक 2 महीने प्रशांत महासागर में फंसे रहने के बाद जिंदा वापस लौट आया। 51 साल के टिम शेडोक अपने डॉग बेला के साथ मैक्सिको से फ्रेंच पोलिनेशिया की ट्रिप पर निकले थे। इसके बाद उनकी नाव तूफान में फंस गई।

शेडोक का इलाज करने वाले डॉक्टर ने कहा है कि उनकी सेहत अब ठीक है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में समुद्र से जुड़े मामलों की जानकारी रखने वाले प्रोफेसर माइक टिपटन ने कहा है कि 2 महीने समुद्र में रहकर जिंदा लौटना केवल किस्मत की बात नहीं है, ये उनकी स्किल का भी नतीजा है।

बारिश का पानी पीकर जान बचाई


शेडोक ने नाइन न्यूज को बताया कि उन्होंने अपने 6 हजार किलोमीटर के सफर की शुरुआत मैक्सिको के ला पाज से की थी। हालांकि, हफ्ते भर बाद ही समुद्र में तेज तूफान आ गया था। इससे वो भटक गए, साथ ही नाव को नुकसान पहुंचा। कई दिनों तक वो मदद का इंतजार करते रहे, लेकिन कुछ नहीं हो सका।

शेडोक ने कहा कि समुद्र में उनके 2 महीने काफी मुश्किल से गुजरे। ये उनकी डॉग बेला के बिना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में समुद्र और भी वीरान लगता है। इस दौरान बेला की मौजूदगी ने उन्हें संभाले रखा। उन्होंने बताया कि उन्होंने मछली खाकर और बारिश का पानी पीकर अपनी जान बचाई।

2 महीने बाद पहुंची मदद


जब टिम शेडोक को मदद मिली तो उन्हें समुद्र में फंसे हुए 2 महीने हो चुके थे। टिम और उनकी नाव पर एक हेलिकॉप्टर की नजर पड़ी थी, जिसने उन्हें वहां से निकाला। शेडोक जिस वक्त मिले उनकी सेहत अच्छी थी। हालांकि, पहले के मुकाबले वो काफी कमजोर हो चुके थे। उनकी दाढ़ी काफी लंबी हो चुकी थी। उनके मिलने के तुरंत बाद खीचीं गई तस्वीर में वो मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। शेडोक ने कहा है कि वो अब अच्छा खाना और आराम चाहते हैं।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.

Secret Link