उज्जैन में जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवक पर हमला
उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र स्थित नलियाबाखल में देर रात खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय युवक मोहित पिता प्रेम नारायण की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक रविशंकर नगर निवासी मोहित अपने दोस्त हर्ष का जन्मदिन मनाने के बाद अंगारेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। वहां से लौटते समय उसके पास जतिन नाम के युवक का फोन आया, जिसके बाद मोहित अपने दोस्तों हर्ष और आदी के साथ नलियाबाखल पहुंचा।

4 से 5 युवकों ने घेरकर किए ताबड़तोड़ वार
बताया जा रहा है कि नलियाबाखल पहुंचते ही 4 से 5 युवकों ने मोहित को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। मोहित के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
दोनों दोस्त घायल मोहित को एक्टिवा से चरक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रूम के बाहर हंगामा
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और दोस्त चरक अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम रूम के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
स्थिति को देखते हुए महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल, माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया और कोतवाली थाना प्रभारी दीनबंधु सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।

थाने के बाहर फिर बढ़ा तनाव
कुछ देर बाद मृतक के परिजन महाकाल थाने के सामने पहुंच गए और वहां भी हंगामा करने लगे। इसी दौरान पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक को देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और उसे आरोपी समझकर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल स्थिति संभालते हुए परिजनों को वहां से हटाया।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रात में ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी गई थी। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









