छिंदवाड़ा। शहर के साहू मोहल्ला वार्ड क्रमांक-47 में एक दुखद घटना सामने आई है। पुलिस विभाग में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक ने कथित रूप से खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान 42 वर्षीय दीपा नेगी के रूप में हुई है, जो पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से पुलिस सेवा में थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपा नेगी का नागपुर में इलाज भी चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन वह पेट्रोल लेने की बात कहकर घर से निकली थीं। बाद में वापस लौटने के बाद उन्होंने स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, उनके पति का पूर्व में निधन हो चुका था, जिसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। परिवार में उनकी 15 वर्षीय बेटी है। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग के कर्मचारी भी स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
PUBLCFIRSTNEWS.COM









