HIGHLIGHTS FIRST :
- कवर्धा में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की विवेचना को प्रभावी बनाने रेंज स्तरीय कार्यशाला, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को कवर्धा में राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री तथा कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कवर्धा में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव, पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव सहित रेंज के पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी मौजूद रहे।
नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन, आयात-निर्यात और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विवेचना इस तरह की जाए कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में आरोपियों को दोषसिद्ध कराया जा सके।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि गवाहों की अनुपस्थिति जैसी परिस्थितियों में भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण को मजबूत बनाया जाए।
तस्करी की पूरी कड़ी तक पहुंचे पुलिस
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गिरफ्तार आरोपियों के लोकेशन, संपर्क और आवागमन की जानकारी जुटाकर यह पता लगाया जाए कि नशीला पदार्थ कहां से आया और कहां पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल सामने मौजूद आरोपी तक सीमित न रहे, बल्कि तस्करी की पूरी श्रृंखला और उसके अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाए।
तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसकी तस्दीक कराई जाए और जरूरत के अनुसार सीसीटीवी एवं आधुनिक तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से एनडीपीएस मामलों में दोषसिद्धि की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकता है।
नशे के खिलाफ कार्रवाई को मिशन बनाएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीपीएस के विरुद्ध कार्रवाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश, समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी की सेवा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को रूटीन कार्य नहीं बल्कि मिशन के रूप में लेने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और जमीनी स्तर पर पुलिस की सक्रियता के समन्वय से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
उत्कृष्ट पुलिसकर्मी सम्मानित
कार्यशाला के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने और आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यशाला के अंत में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने आभार व्यक्त किया और कहा कि कार्यशाला में मिले मार्गदर्शन को पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करेंगे।
publicfirstnews.com
