पब्लिक फर्स्ट। शिमला।

हाईवे का 40 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंसा, अल्टरनेटिव रोड से वाहनों की आवाजाही
चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 (NH) सोलन के कोटी के पास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। कोटी में फोरलेन का करीब 40 मीटर हिस्सा धंस गया है। इससे सड़क के जल्द बहाल होने की उम्मीद भी बहुत नहीं है। आलम यह है कि मौके पर पैदल चलने लायक भी जगह नहीं बची।

NH बंद होने के बाद यातायात को वैकल्पिक सड़क जंगेशू-कसौली होते डायवर्ट किया गया है। इससे जंगेशू-कसौली सड़क पर भी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने जरूरी हो तो ही इस रूट पर यात्रा करने की सलाह दी है।

बताया जा रहा है कि बीती रात तीन बजे के करीब सड़क धंस गई। इसके बाद सुबह तक सड़क किनारे दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारे लग गई। इसमें सेब के लदे हुए कई ट्रक भी फंस गए है। हाईवे जल्द बहाल नहीं हुआ तो सेब पर संकट मंडरा जाएगा, क्योंकि अल्टरनेटिव सड़कों से बड़े-बड़े ट्रकों की आवाजाही संभव नहीं है। सेब को समय पर मंडियों में नहीं पहुंचाया गया तो बागवानों को इससे नुकसान उठाना पड़ेगा।

पहले भी बार-बार टूटती रही सड़क
चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर इससे पहले भी मानसून के दौरान जगह-जगह लैंडस्लाइड होता रहा है। इससे हाईवे कई दिन तक अवरुद्ध रहा। इस सड़क पर सफर जोखिमभरा हो गया है। खासकर बरसात के दौरान पहाड़ी की साइड वाली लेन में चलना जान को खतरे में डालने जैसा है।

हाईवे निर्माण हमेशा सवालों के घेरे में रहा
इस फोरलेन का निर्माण हमेशा सवालों के घेरे में रहा है, क्योंकि ऊंचे-ऊंचे ढांक को स्टेप में काटने के बजाय 90 डिग्री के ढलान में काटा गया है। इससे बीते तीन-चार सालों के दौरान फोरलेन पर हर साल बरसात में भारी तबाही होती रही है। कुछ लोगों की जान भी गई है।

publicfirstnewsw.com

Share.

Comments are closed.