हरियाणा में सिंगर-रैपर बादशाह को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश जारी किए हैं। आयोग की ओर से पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिया गया है कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए और उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाए, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

दरअसल, महिला आयोग ने सिंगर को समन जारी कर आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा था, लेकिन शुक्रवार को वे सुनवाई में शामिल नहीं हुए। उनकी ओर से वकीलों की एक टीम पेश हुई, जिसने दलील दी कि पेशेवर व्यस्तताओं के कारण बादशाह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके और उन्होंने आगे की तारीख देने की मांग की।

इस पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया नाराज हो गईं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि बादशाह दोपहर 3 बजे तक स्वयं उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आयोग ने पुलिस अधिकारियों को उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए।

‘टटीरी’ गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

विवाद बादशाह के गाने ‘टटीरी’ को लेकर शुरू हुआ था, जो 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। गाने के कुछ बोल और दृश्य आपत्तिजनक बताए गए, जिसके बाद कई सामाजिक संगठनों और महिला आयोग ने इसका विरोध किया। आरोप लगाया गया कि गाने में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है और उन्हें गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

इसके अलावा गाने की शूटिंग को लेकर भी विवाद सामने आया। आरोप है कि जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल और जींद रोडवेज बस के दृश्य बिना अनुमति के फिल्माए गए।

पुलिस ने यूट्यूब से हटवाया गाना

विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने इस गाने को यूट्यूब से हटवाने की कार्रवाई भी की। वहीं, कई सामाजिक संगठनों और खाप पंचायतों ने भी इस गाने को हरियाणवी संस्कृति के खिलाफ बताते हुए इसे प्रतिबंधित करने की मांग की थी।

बादशाह ने मांगी माफी

विवाद के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनके गाने के कुछ बोल और सीन से हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद हरियाणा से हैं और लोगों से माफी मांगते हैं।

महिला आयोग ने 6 मार्च को बादशाह को समन जारी कर 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के लिए कहा था। हालांकि उनके पेश न होने के बाद अब आयोग ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply