पन्ना जिले के ऐतिहासिक धरम सागर तालाब परिसर में आज शनिवार को एक भव्य और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण आयोजन हुआ, जहाँ मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने महाराजा छत्रसाल की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, पवई विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, और नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे भी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहे।
प्रतिमा अनावरण के साथ ही पूरा परिसर जयघोष और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। धरम सागर तालाब में स्थापित यह प्रतिमा न केवल एक कला-कृति है, बल्कि बुंदेलखंड के गौरव, वीरता और स्वाभिमान का प्रतीक मानी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार छत्रसाल महाराज की प्रतिमा का यह अनावरण जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देगा और आने वाली पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
अतिथियों का स्वागत और रंगारंग कार्यक्रमों के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा— “पन्ना मध्य प्रदेश का अलौकिक जिला है, जहाँ प्रकृति ने हमें हीरों का अनमोल खजाना दिया है। पन्ना की भूमि महान योद्धाओं, संतों और इतिहास की विरासत को संजोए हुए है।”
कार्यक्रम के दौरान मीडिया ने जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से सम्बंधित राजनीतिक सवाल पूछा, तो तोमर ने मुस्कुराते हुए इस विषय पर टिप्पणी करने से परहेज़ किया और आगे बढ़ गए। उनकी यह प्रतिक्रिया राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कदम है। धरम सागर तालाब पहले से ही धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है और नई प्रतिमा से यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
