हरियाणा की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज विधानसभा परिसर में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चुनाव पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा पहुंचकर सबसे पहले अपना वोट डाला और मतदान प्रक्रिया की शुरुआत की। मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा, जबकि शाम 5 बजे मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चुनाव से पहले कांग्रेस के विधायक हिमाचल प्रदेश के कसौली में ठहराए गए थे। मंगलवार सुबह वे चंडीगढ़ पहुंचे और सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पहुंचे। इसके बाद सभी विधायक विधानसभा के लिए रवाना हुए।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने सभी विधायकों को विधानसभा पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उम्मीदवारों की बात करें तो भाजपा ने पूर्व सांसद संजय भाटिया को मैदान में उतारा है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा भाजपा नेता सतीश नांदल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।
90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में यदि सभी विधायक मतदान करते हैं तो जीत के लिए 31 वोटों का कोटा जरूरी होगा। मौजूदा राजनीतिक गणित के मुताबिक फिलहाल भाजपा और कांग्रेस के खाते में एक-एक सीट जाती दिख रही है। हालांकि अगर क्रॉस वोटिंग होती है या किसी विधायक का वोट रद्द होता है तो निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को फायदा मिल सकता है।
इस बीच इंडियन नेशनल लोकदल के रुख पर भी सबकी नजर है। माना जा रहा है कि इनेलो के दोनों विधायक इस चुनाव से दूरी बना सकते हैं, जिससे चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
