पब्लिक फर्स्ट।

यूक्रेन जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ने विद्रोह कर दिया है। रूसी मीडिया RT की तरफ से जारी तस्वीरों में रोस्तोव शहर की सड़कों पर वैगनर की बख्तरबंद गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की है।

वैगनर की बगावत की खबर आने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा- वैगनर ने पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना का एक हेलिकॉप्टर गिराने की बात भी कही है।

पुतिन बोले- वैगनर ने निजी हितों के चलते धोखा दिया


पुतिन ने कहा- महत्वाकांक्षा और निजी हितों के चलते हमारे साथ ये विश्वासघात हुआ है। जो कोई भी विद्रोह करेगा उसे दंडित किया जाएगा। उन्हें कानून और हमारे लोगों को जवाब देना होगा। जिसने भी जानबूझकर देशद्रोह का रास्ता अपनाया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम सभी खतरों के खिलाफ अपने लोगों और देश की सुरक्षा करेंगे।

प्रिगोजिन के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज


राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आदेश के बाद रूसी जांच एजेंसी FSB ने वैगनर चीफ प्रिगोजिन के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया है। उन पर सशस्त्र विद्रोह भड़काने का आरोप लगाया गया है। लड़ाकों से उनका कोई आदेश न मानने और उन्हें हिरासत में लेने को कहा गया है।

मॉस्को की सड़कों पर रूसी सेना, सरकारी ऑफिस खाली कराए


प्राइवेट आर्मी के मॉस्को की तरफ बढ़ने की खबर मिलने के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे भी बंद कर दिया गया है। अल-जजीरा ने खबर दी है कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा- सुरक्षा मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। फेडरल सिक्योरिटी सर्विस यानी FSB वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में सरकारी ऑफिस खाली करा रही है।

बाखमुत में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक से शुरू हुआ तनाव


रूस ने शनिवार को वैगनर हेड प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस और वैगनर के बीच तल्खी यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। इस हमलें में कई वैगनर लड़ाके मारे गए थे। प्रिगोजिन ने क्रेमलिन को इसका दोषी बताया था।

वैगनर की आर्मी में शामिल रेपिस्ट और हेपेटाइटिस-C के मरीज


पिछले साल 30 अक्टूबर को UK के रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में प्रिगोजिन के हवाले से दावा किया गया था कि यूक्रेन की प्राइवेट आर्मी में एड्स और हेपेटाइटिस-C के मरीजों की भर्ती की जा रही है। यूरोपीय अखबार यूक्रेइंस्का प्रावदा की रिपोर्ट में 100 से ज्यादा एड्स और हेपेटाइटिस बीमारी से पीड़ित कैदियों के प्राइवेट आर्मी में भर्ती होने की बात कही गई थी।

द डेली बीस्ट ने भी अपनी इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में कहा था कि रूस में रेप के दोषी, समलैंगिक और संक्रामक रोगों से पीड़ित कैदियों को जबरन मोर्चे पर लड़ने के लिए भेजा जा रहा है।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.